शनिवार, मई 02, 2015

अघोर वचन -15

"दुःखों को ऋषियों ने संसार सागर कहकर सम्बोधित किया है । बिना नौका, पतवार, मल्लाह के इस संसार सागर को पार करने में प्रयत्नशील लोगों को तुफानी वेग, झँझावात और प्रचण्ड वायु के झकोरे नष्ट भ्रष्ट कर देते हैं । महर्षियों ने इसे दुर्देव पिशाच की संज्ञा दी है, जिसने सौम्य और सुन्दर आकृति वाले, अतीव शीलवान, देदीप्यमान और संवेदनशील मानवों को भी अपनी चपेट से मुक्त नहीं किया है ।"
                                                          ०००
दुःख बड़ा व्यापक शब्द है । दुःख मनुष्य के साथ जन्म से लेकर मृत्यु तक जुड़ा हुआ है । हम अपनी ओर से एक दुःख और जोड़ लेते है वह है जाति दुःख । स्त्री जाति और शूद्र जाति । ये दोनो वँचित जातियाँ हैं । इन दोनों जातियों को संसार सागर या भव सागर के पार जाने हक नहीं माना जाता । अवसर भी नहीं दिया जाता । जबकि ईश्वर की तरफ से ऐसा भेद नहीं किया गया है । सबको समान संभावनाओं के साथ धरती पर भेजा जाता है । इस बात को अनेक संत जैसे संत रबिदास, संत कबीर, संत घासीदास, संत रैदास, महिला संत राबिया आदि महात्माओं ने सिद्ध भी कर दिया है ।

दुःख क्या है । मनुष्य के शरीर में दश इन्द्रियाँ ( पाँच ज्ञानेन्द्रियाँ और पाँच कर्मेन्द्रियाँ ) होती हैं और ग्यारहवाँ होता है मन । मनुष्य का सारा कार्य व्यापार इन्ही से चलता है । मनुष्य को भोग और मोक्ष दोनों ही इन्ही के द्वारा प्राप्त होता है । इन्ही के चलते मनुष्य की अवनति और दुर्गति भी होती है । इन इन्द्रियों का साम्या भाव सुख है अन्यथा दुःख है । इसे हम यों समझें कि हमारी दर्शनेन्द्रिय आँखों को चाहे हुये सौन्दर्य के दर्शन नहीं होते या जिव्हा को चाहे गये रस का स्वाद नहीं मिलता तो यह हमारे दुःख का कारण हो गया । दुःख का जन्म हो गया । इसी प्रकार हमारे जीवन में मनोनुकूल कुछ भी नहीं होने से दुःख ही दुःख होते हैं । मनुष्य का इतना ही संसार होता है । यही भव सागर है । दुःखों से निवृत्ति ही भवसागर के पार जाना है ।

नौका, पतवार, और मल्लाह प्रतीक हैं । नदी के पार जाने के लिये इन तीनों ही की जरूरत होती है । इनके बिना नदी का पार उतरना कठिन होता है । डूबने की संभावना रहती है । जीवन संकट आ उपस्थित होता है । ठीक उसी प्रकार यह संसार भी सागर कहलाता है । इससे मुक्ति के लिये, भव सागर से पार उतरने के लिये भी मनुष्य को नौका रूप दीक्षा, पतवार रूप मँत्र एवँ मल्लाह रूप गुरू की आवश्यकता होती है । इनके बिना संसार सागर से पार उतरने के प्रयास करने वाले मुक्ति कामी, सचरित्र, सदाचारी और भले लोगों को भी पतन का मुख देखना पड़ता है । जीवन व्यर्थ कार्यों में ही व्यतीत हो जाता है । लक्ष्य से भटकन की स्थिति बन जाती है ।
                                                                     ०००






























शुक्रवार, मई 01, 2015

अघोर वचन -14

" जब अपना वह इष्ट, अपना वह आत्माराम अपने अनुकूल हो जायेगा तो आपकी सभी इन्द्रियाँ, जो देवताओं के भोग का साधन हैं, शान्त हो जायेंगी । आप उस महान समाधि को प्राप्त करेंगे ।"
                                  ०००

आध्यात्मिक साधना की शुरूआत गुरू प्राप्ति से होती है । जब किसी सँत पुरूष के दर्शन मात्र से मन स्थिर होने लगे, आन्तरिक उल्लास जगे और ईश्वर याद आये तो समझिये आप गुरू के समक्ष खड़े हैं । जब गुरू का निश्चय हो जाय तो समय काल देखकर, गुरू की मनोदशा पहचान कर उनके चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करें और निवेदन करें कि अपनी शरण में लें एवँ दीक्षा प्रदान कर कृतार्थ करें । आपकी श्रद्धा, मुद्रा, निवेदन की गँभीरता गुरू के हृदय में करूणा का संचार करेगी और आपको दीक्षा दान हो सकता है ।

दीक्षा में सामान्यतः गुरू मँत्र देंगे और क्रिया बतलायेंगे । इष्ट, देवता या देवी के विषय में ज्ञान देंगे और रोज की साधना का निर्देश देंगे । उसके बाद शुरू होती है साधना । साधक जप करता है, अनुष्ठान करता है, क्रिया करता है, स्वयँ को साधता है और यह सब करके अपने इष्ट को, आत्माराम को अपने अनुकूल बनाने का प्रयास करता है । साधक की साधना जैसे जैसे सही दिशा में एवँ सही रूप से बढ़ती जाती है, उसे अनुभूतियों का प्रसाद मिलता जाता है । उसकी इन्द्रियाँ निग्रहित होती जाती हैं । वह समाधि के निकट होता जाता है ।

इसमें ये बातें अत्यँत महत्वपूर्ण है । वे हैं गुरू, मँत्र और देवता पर अटूट श्रद्धा एवँ निश्छल विश्वास । अपनी साधना में लगन । मन में जन्म लेने वाली तृष्णा की उपेक्षा ।
                                                               ०००

  

गुरुवार, अप्रैल 30, 2015

अघोर वचन -13

"कोई देव मूर्ति ध्वनि नहीं उत्पन्न करती है । उसके बन्द कण्ठ और बन्द वचन से आपके शरीर में एक विशेष प्रकार की प्रक्रिया होती है जिससे रक्त, मांस, मज्जा में एक अजीब तरह का रसायन बन जाता है जो यह महसूस कराता है कि मेरे इष्ट, मेरे देवता, मेरे गुरू ने बहुत कुछ दिया । बहुत तृप्ति होती है ।"
                                                                ०००

भारत में उपासना की सगुण और निर्गुण दोनों प्रकार समान रूप से व्यवहृत होता आया है । सगुण उपासना का अपना विस्तृत दर्शन एवँ पद्धति है जो अपने आप में अन्यतम है और पूर्ण भी । इसके अँतरर्गत मूर्तियों और यँत्रों की उपासना की जाती है । ये मूर्तियाँ पत्थर, धातु, मृत्तिका, और काष्ठ आदि की बनाई जाती हैं । ये मूर्तियाँ चूँकि निर्जीव पदार्थ से निर्मित होती हैं, इनसे न तो ध्वनि उत्पन्न होती है और न कोई हलचल ही होती है ।

मूर्तिपूजा के आधार तत्व के रूप में हम मूर्ति में पहले जिवन्यास प्राणप्रतिष्ठा करते है । यानि कि उसमें जान डालते हैं । मूर्ति को सजीव करते हैं । मूर्ति सजीव होकर ही पूजा के योग्य होती है ।

अघोरेश्वर यहाँ पर पूजा की आन्तरिक प्रक्रिया बतला रहे हैं । भली प्रकार से प्राण प्रतिष्ठित मूर्ति के भले ही कण्ठ बन्द होते हैं यानि देवता बोलते नहीं, वचन या वाणी निनादित नहीं होते परन्तु पूजा करने वाले साधक में उसकी निष्ठा, श्रद्धा एवँ विश्वास के अनुरुप रसायनिक परिवर्तन होने लगते हैं । ध्वनि, सुगन्ध आदि की अनुभूति होने लगती है और साधक को आभास होने लगता है कि गुरू ने सही क्रिया बताई है । मँत्र चैतन्य है । देवता प्रसन्न हो रहे हैं ।
                                                                    ०००




बुधवार, अप्रैल 29, 2015

अघोर वचन -12

" जब तक गुरू में श्रद्धा और विश्वास नहीं होता है पूर्ण रूप से, तब तक कोई विद्या भी नहीं फलता फुलता । यह बड़ा मुश्किल है जीवन में । ऐसे अनेक व्यवहार, और विनोद से आप उबकर, आपकी अश्रद्धा भी हो सकता है । जिस समय जिस मँत्र के प्रति ,गुरू के प्रति, देवता के प्रति थोड़ा भी अश्रद्धा हुआ तो वह सारा विद्या का लम्बी आयु बढ़ जाता है । फिर नहीं प्राप्त होता । वह चला जाता है ।"
                                                   ०००

श्रद्धा और विश्वास सापेक्ष शब्द हैं । आज के युग में गुरू यदि चमत्कार दिखा सकते हैं, लोक लुभावन नौटँकी कर सकते हैं, बड़े बड़े नेताओं, अधिकारियों द्वारा चरण स्पर्ष कराते हैं, एक बड़े जन सैलाब को अपने पीछे चलाते हैं तो हमारी श्रद्धा बढ़ती जाती है । गुरू यदि आशीर्वाद देकर हमारा रूका हुआ कार्य करा देते हैं, पदोन्नति, स्थानान्तरण, व्यवसाय में बृद्धि, लड़की की शादी जैसे कार्य आसान करते रहते हैं तो उन पर हमारा विश्वास दृढ़ होता जाता है । यद्यपि सद्गुरू का इन कार्यों से कोई सम्बन्ध नहीं होता । वह तो शिष्य की आध्यात्मिक उन्नति का कारक होते हैं । सत्पथ पर चलने के लिये मार्ग दर्शक होते हैं । मोक्ष का सेतु होते हैं ।

गुरू दीक्षादान करते हैं । विद्या प्रदान करते हैं । देवता का परिचय देते हैं । उन्नति की राह बताते हैं । राह के अवरोधों को दूर करते हैं । चूँकि ये कार्य मानसिक या आध्यात्मिक धरातल पर होते हैं शिष्य उन्हें न तो देख पाता है और न जान ही पाता है । उसे तो निष्ठा पूर्वक निर्देशित क्रिया कलापों में रमे रहना होता है । उसे यह भी पता नहीं चलता कि उसकी कितनी उन्नति हुई है । कभी कभी अहँकार के वशीभूत होकर वह अपनी शक्तियों का उपयोग भी करना चाहता है और असफल हो जाता है । ऐसी स्थिति में शिष्य में अश्रद्धा उपजती है । गुरू से प्राप्त विद्या का अभ्यास तो करता है पर बेमन से ।

सँशय या बेमन से किया गया कोई भी कार्य सफल नहीं होता । अघोरेश्वर कहते हैं कि अश्रद्धा के परिणाम स्वरूप गुरू से प्राप्त विद्या के साधन में जो समय, शक्ति लगना था वह बढ़ जाता है । साधक अपने लक्ष्य से न केवल दूर हो जाता है वरन् कभी कभी लक्ष्यभ्रष्ट या मार्ग हीन होकर लक्ष्य को खो देता है । यह स्थिति बड़ी विकट है । साधक में यह अश्रद्धा कब उत्पन्न हो जायेगी नहीं कहा जा सकता । गुरू, मँत्र और देवता इनमें से किसके प्रति अश्रद्धा होगी यह जानकर सतर्क हो पाना कठिन है । इसका एक ही उपाय हो सकता है कि साधक को हर तीन माह में गुरू के चरणों के दर्शन करना चाहिये । सेवा करनी चाहिये और अपनी स्थिति, विचार से उनको अवगत कराकर मार्गदर्शन हेतु निवेदन करना चाहिये । इस बीच गुरू के वचनों का पारायण तथा मनन चिंतन तो चलते ही रहना चाहिये ।
                                                                ०००


मंगलवार, अप्रैल 28, 2015

अघोर वचन -11

" यह हाड़ मांस की देह गुरु नहीं है गुरू वह पीठ है जिसके द्वारा व्यक्त किया हुआ विचार तुम में परिपक्वता का पूरक होगा । यदि तुम उसे पालन करते रहोगे, तो गुरूत्व को जानने में सर्व प्रकार से समर्थ होओगे । गुरू तुम्हारे विचार की परिपक्वता, निष्ठा की परिपक्वता, विश्वास की परिपक्वता हैं ।"
                                                                     ०००
अघोर पथ में गुरु का स्थान सर्वोपरी है । अध्यात्म के अन्य क्षेत्रों में सामान्यतः शिष्य गुरु बनाता है, लेकिन अघोर पथ में ऐसा नहीं है । श्रद्धालु का, भक्त का, औघड़, अवधूत से निवेदन करने से दीक्षा, संस्कार हो जावे यह अवश्यक नहीं है । यहाँ गुरु शिष्य को चुनता है । हमें यह प्रक्रिया अन्य सिद्धों के मामले में भी दिखाई देती है । पूर्व में लाहिड़ी महाशय का चुनाव उनके गुरु बाबा जी महाराज ने किया था और अपने पास बुलाकर उन्हें दीक्षा देकर साधना पथ पर अग्रसर कराया था । स्वामी विवेकानन्द जी का चुनाव रामकृष्ण देव ने किया था । और भी अनेक उदाहरण हैं । स्पष्ठ है कि यह शिष्य के अधिकार की बात है । अनेक जन्मों के संचित सत् संस्कार जब फलीभूत होते हैं तो शिष्य का क्षेत्र, अधिकार, पात्र तैयार हो जाता है और दीक्षादान हेतु गुरु के हृदय में करुणा का संचार हो जाता है । इस प्रकार दीक्षा घटित होती है । शिष्य के अधिकार के अनुसार गुरू उसका संस्कार करते हैं ।

महात्मन रामानन्द जी ने कहा थाः "निगुरा बाभन न भला, गुरुमुख भला चमार ।" यदि चमार गुरुमुख था तो रसोई से लेकर पूजा तक और रामानन्द जी के सानिध्य में उसको वही आदर का स्थान प्राप्त था जो किसी भी उच्च वर्ण वाले को था ।

हम देखते हैं कि दीक्षा दान गुरू (सशरीर) करते हैं । गुरू के मुखारबिन्द से निर्देश, ज्ञान का प्रकाश, विचार आदि निनादित होते हैं । इन सब के कारण गुरू को सशरीर हम पूजते हैं । श्रद्धा करते हैं । आदर देते हैं और शरीर के बिना हम उनकी कल्पना भी नहीं करते ।

अघोरेश्वर हाड़, मांस का देह, जो कि नश्वर है, गुण धर्म से बंधा हुआ है, को गुरू नहीं मानने के लिये कहते हैं । गुरु का चिन्मय रूप ही यथार्थ में गुरू है । गुरू की आत्म सत्ता से ही शिष्य को दीक्षा दान प्राप्त होता है, आगे का मार्ग तय होता है, अँगुली पकड़ कर चलाया जाता है और मानव जीवन के लक्ष्य मोक्ष को हस्तगत कराया जाता है । वे कहते हैं कि शरीर नहीं गुरू तत्व को अपनाओ । उनके विचार को हृदयंगम करो । उनके द्वारा बतलाये गये मार्ग में चलो । उन्होने जिस समय, जिस ढ़ँग से, जो कार्य सम्पन्न किया है उसका अनुशरण करो । यही सब आपको चैतन्य करेगा । गुरूपीठ का पहचान करायेगा एवँ सब प्रकार की वाँक्षा को पूर्ण करेगा ।

जब मनुष्य गुरू तत्व से सँयुक्त हो जाता है फिर उसे मँत्र, क्रिया, देवता किसी की भी आवश्यकता नहीं रह जाती । वह सर्व समर्थ, परिपक्व एवँ चिन्मय हो जाता है ।
                                                                                    ०००



सोमवार, अप्रैल 27, 2015

अघोर वचन - 10

" लोग कहते हैं कि यह मन यदि अच्छे से मान जाय तो बहुत कुछ हो सकता है । मगर मैं कहता हूँ कि नहीं होता है । मन को मानने से नहीं होगा । मगर हाँ, मन यदि मन में हो, मन बेमन का न हो, तब तो कुछ काम सुलझेगा । यदि मन, मन में ही न हो और मन बेमन का हो गया हो, तब तो मन के वन में मन को ढ़ूढ़ते हुए क्लेश, वेदना सहना ही होगा ।"
                                                                               ०००

भारतीय ॠषि महर्षियों से लेकर आधुनिक युग के फ्रायड और कार्ल जुँग जैसे मनोवैज्ञानिक मन को जानने, पहचानने और साधने के लिये बहुत मेहनत करते रहे हैं । उन्हें किन्ही स्तरों पर सफलता भी मिली है । सबने मानव मात्र को मन के विषय में अपने अनुसंधान के परिणामों से अवगत भी कराया है । अब हम मन के विषय में पहले से अधिक जानकारी रखते हैं । मन अच्छे से मान जाय का अर्थ है मन सहज ही एकाग्र हो जाय । ऐसा माना जाता है कि एकाग्रता से बहुत कुछ पाया जा सकता है ।

साधारण मनुष्य के लिये एकाग्रता बड़ी उपलब्धि हो सकती है । एकाग्र मन शक्तिशाली हो उठता है । अध्ययन, चिंतन, मनन के लिये एकाग्रता की बड़ी आवश्यकता होती है । अघोरेश्वर कहते हैं कि मन की एकाग्रता से कुछ हो सकता है पर बहुत कुछ नहीं । क्योंकि मन की एकाग्रता एक क्रिया है जो करने से होता है । इसकी अवधि सीमित है ।  इसके बाद मन फिर अपने रास्ते चल पड़ता है ।

हम देखते हैं कि हमारा शरीर कहीं होता है और मन कहीं और । हम कुछ कार्य करते हैं पर उस कार्य में हमारा मन नहीं लगता । कभी कभी हम अपने आस पास से निर्लिप्त हो जाते हैं । हमें पता ही नहीं चलता कि क्या हो रहा है । इसे कहते हैं मन का बेमन होना । वचन में कहा गया है कि मन यदि मन में हो यानि हम चैतन्य हों । वर्तमान में हों । स्थान, काल से निरपेक्ष न हों तो कहा जायेगा मन मन में है । इसके विपरीत की स्थिति को बेमन कहा जायेगा ।

मनुष्य को हमेशा चैतन्य होना चाहिये । वर्तमान में रहना चाहिये । शरीर और मन का तारतम्य बनाये रखना चाहिये । इससे मन अपने आप में रहेगा । बेमन का नहीं होगा और हमें मन में उठने वाले विचारों के महा सागर में स्थिरता, शाँति हेतु महत् प्रयत्न की आवश्यकता नहीं होगी । मानसिक क्लेश और वेदना से भी हमारा बचाव हो जायेगा ।
                                                                                         ०००

शुक्रवार, अप्रैल 24, 2015

अघोर वचन - 9

" आज मनुष्य राम, कृष्ण, शिव, साधु और महात्माओं का ध्यान तो करते हैं किन्तु क्या वे कभी अपना भी ध्यान करते हैं ? मनुष्य जब तक स्वयँ अपने प्रति दया नहीं करेगा, अपने को गन्दगी में गिरने से रोकने का प्रयास नहीं करेगा तब तक उसकी सभी पूजा अर्चना निरर्थक है ।"
                                                          ०००

समग्र धरती पर निवास करने वाले मनुष्य ईश्वर को मानते हैं, उसकी पूजा करते हैं । ईश्वर को स्थान, भाषा, जाति, धर्म के अनुसार अलग अलग नाम, रूप दिया गया है, पर आस्था में समानता है । इस पूजा, ध्यान, या और जो भी नाम हो से मनुष्य क्या पाता है, कैसे पाता है, यह एक बृहद विषय है । अलग विषय है । ध्यान, पूजन अर्थपूर्ण है । उससे मनुष्य को वाँक्षित लाभ प्राप्त होता है यह निश्चित है ।

हम देखते हैं मनुष्य नियम से रोज पूजा अर्चना करता है, पर न तो उसकी समस्यायें दूर होती हैं और न उसे सुःख शाँति ही नसीब होती है । इसके कारणों की चर्चा इस वचन में किया गया है । आप्त वाक्य है " ध्येय जितना पवित्र होगा साधन को भी उतना ही पवित्र होना चाहिये" । यहाँ ध्येय ईश्वर है और साधन मनुष्य है । ईश्वर तो परम पवित्र है, पर साधन रूप मनुष्य भी क्या उतना ही पवित्र है । यदि है तो ध्येय प्राप्ति सरल है और नहीं तो कठिन से भी कठिनतर है ।

मनुष्य को पहले अपने मन और शरीर को साधना चाहिये । शरीर स्वस्थ रहे । सबल रहे । यह परम आवश्यक है । स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन रहता है । मन के कलुश अनेक हैं, जैसे लोभ, मोह, काम, क्रोध, आदि आदि, उन्ही के कारण मन हर समय चलायमान रहता है । हम इनको मन से हटा नहीं सकते । इनको दबाने से ये छुटकारे की प्रबल चेष्टा करते हैं जिससे मन और भी अधिक असंतुलित होकर मनुष्य को तृष्णा के भँवर में फँसा देता है । मनुष्य को सदैव सचेष्ट रहकर मन के इन विकारों पर दृष्टि रखनी चाहिये । मन में उठती तृष्णा की विचार लहरियों पर न अटक कर उनकी उपेक्षा कर देनी चाहिये । इससे मन निर्मल होगा एवँ स्थिरता आयेगी जो धीरे से शाँति में बदल जायेगी । इस शाँत मन से की गई प्रत्येक पूजा, अर्चना सफल होगी और वाँक्षित लाभ प्राप्त होगा ।
000